आज तू मेरी जगह ,और मैं तेरी जगह हूँ माँ
कल सहारा थी तू मेरा, आज मैं सहारा हूँ माँ,
ऊँगली पकड़ चलना सिखाया था तूने मुझे
खुश हूं आज वही हाथ तेरी लाठी बने हैं माँ
तू कहती थी मेरी हंसी बहुत मासूम होती थी
अब तेरी हंसी में भी वही मासूमियत है माँ
हम तब भी जुदा न थे,आज भी हम एक हैं
वक़्त गुज़रा है लेकिन,हम तो बस वहीं हैं माँ
सारी उम्र तूने मुझे ,बख़्शी हैं खुशियां तमाम
उसका बस एक कतरा आज लौटाता हूं माँ
कितनी नाराज़ियाँ थीं कितने शिक़वे थे तुझसे
तेरे माथे पे मगर कभी भी शिकन नहीं थी माँ
बड़ी देर से जाना है मैंने,ज़िन्दगी का ये हिसाब
प्रेम जग में एक ही है और वो बस तेरा है माँ
