मेरे आंगन में खड़ा वो पुराना सा दरख़्त

जिसे काटना बन गई थी मेरी मज़बूरी

मुझे जरूरत थी चंद और कमरों की

 बढती ज़रूरतों के साथ साथ

मेरे घर आज एक नया मेहमान जन्मा था 


घर में किलकारियों का संगीत था

खुशियों की बारिश थी

तभी उस शोरोगुल के बीच 

मुझे सुनाई दी थी धीमी सी चहचहाट

सुरीली थी,बरबस मुझे पास खींच ले गई


दरख़्त की शाख में छुपे घोंसले में भी

आज एक नया मेहमान आया था

आँखों में अथाह प्यार लिए,

चहचहाट के सुर में ,उस मासूम की विनती


मेरे अंतर्मन को झकझोर गई 

और मुझे एक पाप से बचा ले गयी

आज वो दोनों मासूम नन्हे से मेहमान

 मेरे आंगन में, दरख्त की छांव में

 खेलते हैं साथ साथ

बिखेरते है संगीत ,बांटते हैं खुशियां


और मैं और मेरा दरख्त 

एक दूसरे को देख ,

चुपचाप मुस्कुराते हैं।