मेरा तो मेरा ही रहे और
तेरा भी मेरा हो जाए
सारे जग की दौलत शौहरत
चुटकी में मेरी हो जाये
मेरा तेरा करते करते
अपनों को भी छोड़ आये हम
कितनी दूर निकल आये हम
झोपड़ी हो तो घर की चाहत
घर है तो महलों के सपने
लालच का कोई अंत न सीमा
सब कुछ हथियाने की चाहत
चाहतों की छटपटाहट में
सब कुछ छोड़ कहाँ आये हम
कितनी दूर निकल आये हम
अब जो काल का चक्र है घूमा
सब कुछ छिटका सब कुछ बिखरा
न तेरा तेरा रहा, और न मेरा मेरा
सांसे टूटीं,परिवार भी छूटे
कुछ भी अपने काम न आया
कुछ भी रोक नहीं पाए हम
कितनी दूर निकल आये हम
मेरा अपना मेरे पास रहे
तेरी भी अपनी आस रहे
अपनो के संग, कुछ पल समेट लूं
ऐसा कुछ अहसास लिए
इंसानियत ने ली है अँगड़ाई
अपनों के पास चले आये हम
अपने ही पास चले आये हम
ईश्वर ने फटकार लगाई
जीने के कुछ गुर सिखलाये
नई सोच और नई समझ के
नए से कुछ सपने दिखलाये
आज नए जीवन की पहली
सुबह के पास चले आये हम
अपनों के पास चले आये हम
अगर न भूले ये मंजर हम
अगर न हमने सीख भुलाई
सीख लें हाथ मिलाकर जीना
सफर में कदम मिलाके चलना
नए सूरज की, नई रोशनी
नई उम्मीद ले चल पाएं हम
शायद फिर से जी पाएं हम
शायद फिर से जी पाएं हम
खुद से जी भर मिल पाएं हम
