The cycle of the river is akin to the cycle of life.From its birth to the end of its journey. Let us celebrate life. Here is a poem celebrating the life of a River on this River Day…..
नदी की प्रवृत्ति,इंसान की नियति
दोनों की अभिव्यक्ति, एक जैसी
हिमनद की कोख से जन्मीं नदी
बढ़ती है धीरे-धीरे,थमते थमते
धीमी धीमी किलकारियों के साथ
रेंगते हुए एक मासूम बालक सी
फिर अचानक ही हो जाती है
सशक्त,सक्षम, सुडौल, सुदृढ़
अपनी रवानी में रमी,चहकती
एक निश्चिंत अल्हड़ युवा सी
अपनी सीमाओं को लांघने को आतुर
उद्वेलित,आनन्दित,करती अठखेलियाँ
बहती उन्मुक्त,आल्हादित भी,प्रेरित भी
जीवन के अगले पड़ाव पर
अग्रसर वो मंथर मंथर
निश्चित दिशा,निश्चित गंतव्य की ओर
एक जीवनदायिनी मां सी
अपनी जिम्मेवारियों से अवगत
अपने सीने पर सारा बोझ लिए
दिन रात अपनों के लिए समर्पित सी
सफर के अंत में चिंताओं से भरी
डरी,सहमी,बिखरी,बिखरी
सागर में विलीन होने का डर
अपना अस्तित्व खोने का डर
अपने को ढाढस बंधाती
आत्मा का परमात्मा में विलय
शाश्वत सत्य है ये,स्वयं को समझाती
चुपचाप आँखें मूँदे समा जाती है
सागर की अनंत गहराइयों में
सत्य से एकाकार होकर
अनंत यात्रा की इंतज़ार में
नदी की प्रवृत्ति,इंसान की नियति
दोनों की अभिव्यक्ति, एक जैसी
Vijay Rana
wandering_gypsy_rns
