दर्द और खुशी पनपते नहीं एक दूसरे के बगैर
पौध भी उगती नहीं,धरती का सीना चीरे बगैर
महकता नहीं हैं बागवां,पसीने से सिंचे बगैर
नसीब नहीं होती ख़ुशी,दर्दे राह से गुजरे बगैर
पहली सांस से आखरी दम तक का ये सफर
बस दर्द और खुशी का ही ताना बाना है सारा
मां की चीखों के बीच उपजती है नई ज़िन्दगी
किलकारियों की खुशी में दब जाता है दर्द सारा
रूह मनाती है ख़ुशियाँ ज़िस्म से जुदा होकर
पीछे मगर छोड़ जाती है दर्द का अंबार सारा
दर्द आते हैं तो आने दे,उनसे परहेज़ न कर
उनका तो मिज़ाज है ढुलकते मौसमों जैसा
और खुशियाँ आती हैं तो रख उन्हें सहेज़ कर
उनका भी अंदाज़ है बदलते मौसमों जैसा
