दरकते पहाड़ों का दर्द….
रोज थोड़ा थोड़ा दरकते हैं पहाड़
हर रोज थोड़े और बौने हो जाते हैं
कद में भी, महत्ता में भी
पहाड़ का मेहनतकश इंसां भी
टूटते पहाड़ की तरह
दरक जाता है,शहरों की ओर
बेहतर ज़िन्दगी की तलाश में
मोह भंग होता है शहर में
जब दिखते हैं नये पहाड़
बास मारते कूड़े के अंबार
ढूँढता है आसरा
दम घोंटती तंग गालियों में
जहाँ रोक है
हवाओं की आवाजाही पर भी
पानी के लिये,जद्दोजहद करती
लंबी अंतहीन कतारें
याद आता है
स्वच्छंद साफ हवा में
पहाड़ पर,अपना छोटा सा घर
याद आती है वो
पहाड़ों की ठंडी बयार
सूने पड़े धारों का ठंडा पानी
बस ठंडी साँस लेकर
चल पड़ता है हौले हौले
अनजानी खुशी की तलाश में
डूबता जाता है फिर
अनजानी अनंत गहराइयों में
असमंजस में बीतती है ज़िंदगी
न लौट पाता है न रुक पाता है
घटते बढ़ते इन दोनों
पहाड़ों के दरमियाँ
बस पिस कर रह जाता है
