बेधड़क बिंदास बचपन की वो सारी बंदिशें
और उनको तोड़ने की बदमाशियां सब याद हैं
पत्थरों से हमारा खेलना फुटबाल अक्सर
फिर हमारा फुटबाल बनना भी बखूबी याद है
घुटनों और कुहनियों की वो अनगिनत चोटें
हर चोट के वो दर्द मीठे और हर कहानी याद है
छुप छुपा कर गली में ,कंचे खेलकर आना
और जीते हुए कंचों में हीरों की चमक याद है
बस चुटकी में यूं ही फुर्र हो जाता है बचपन
फुर्र हो जाती वो चिड़िया ,वो गुलेलें याद हैं
राजा रानी और भुतहा महल के वो किस्से
नानी की गोद में सुनी सारी कहानी याद हैं
बचपन जो गुजर जाते थे ऐसी खुशियों के बगैर
तब उनको देखकर हमारा चौंक जाना याद है
अधूरे किसी बचपन को कुछ मीठी यादें बांटकर
जी लें सारे वो लम्हें जो आज तक हमें याद हैं
