बिसात शतरंज की
स्याह सफेद दायरों में सिमटी
उथल पुथल,उतार चढ़ाव
दांव पेंच की दुनिया दर्शाती

कभी सफ़ेद कोने से
हार का रोना धोना
कभी सियाह कोने से
जीत का उन्माद जगाती

शतरंज की बाज़ी
जीवन की मानिंद
छोटे बड़े सभी मोहरों को
हर वक़्त उलझाये रखती

बाज़ी जीवंत जीवन सी
नियति के चक्रव्यूह सी
कभी राजा को रंक
कभी रंक को राजा बनाती