प्यासा घूम रहा है सागर
सुख की गागर भरी नहीं है
दुख की गठरी रखे सिरहाने
चिंता की चादर तनी हुई है
चींटी का अस्तित्व है अपना
और पहाड़ का अपना
चींटी पहाड़ चढ़ बैठी तो
सिंहासन ढूँढने चली हुई है
क्षण भंगुर अस्तित्व सभी का
दुख हो सुख हो या चिंतायें
सबको सब कुछ पता है लेकिन
आपस में बस ठनी हुई है
पहचानें अस्तित्व को अपने
नमन हो प्रभु की हर कृति को
कण कण का अस्तित्व अनूठा
संसार का शाश्वत सत्य यही है
