अजीब है ये शहर मेरा
हर वक्त रोशनी में चकाचौंध
हर रोज दिवाली सी यहां
दिवाली में मगर
घुटती साँसों के संग
गुम जाती है सूरज की रोशनी
घुप घनघोर धुएं में यहां

जिंदगी बांटती,
ईक नदी मासूम सी,
खुद दम तोड़ती
बिलखती बिखरती सी यहां

लोगों को सांस बांटते
चंद पेड़ों के झुरमुट
अपने ही आँसुओं से सिंचते
धूल धूसरित हैं यहां

बैठा है ये शहर मेरा
दौलत के ढ़ेर पर
ताकत के अम्बार पर
मुश्किल से नज़र आता है मगर
कोई गरीब नवाज यहां

न मंदिरों की कमी है
न मस्जिदों की कमी है यहां
हर कोई संजीदा भी है
भीड़ भी बहुत है मगर
न जाने क्यों फिर भी
फरिश्ते नहीं बसते यहां

हर कोई कोसता है
किसीको भाता नहीं ये शहर
न जाने क्या जादू है मगर
गांव अपना,अपनी बस्ती
सब कुछ यूँ ही छोड़कर
कभी न छोड़ने को फिर
बस जाता है हर कोई यहां