एक पिता की दुआ सदा साथ रहे,

बेटी दूर रहे या पास रहे।

ये जमाने की रीत है, भला क्या करे?

चाहता तो है हर पल साथ रहे।

जिसके जन्म पे खुशियाँ मनाई गईं,

चारों तरफ मंगलगीत गाए गए।

छुई-मुई से भी नाजुक थी कोमल कली;

चाँद सा उसका मुखड़ा और लक्ष्मी सी भली।

कैसे कह दूँ कि क्या अहसास रहे,

बेटी दूर रहे या पास रहे।

देखते-देखते कब बड़ी हो गई,

छोड़ उंगली अपने पैरों पर खड़ी हो गई।

एक पिता को भला और क्या चाहिए?

बेटी हँसती रहे, बस ये दुआ चाहिए।

हम आम रहें पर वो खास रहे,

बेटी दूर रहे या पास रहे।