लंबा टीका
चमक रहा था
सफेदपोश माथे पर
सर पर भगवा पगड़ी शोभा
प्रदान कर रही थी
पर दाहिने कान के छेद पर
फंसा तिनका उसकी गरीबी को प्रदर्शित कर रहा था....
वह अपना केशरिया ध्वज से सुसज्जित ठेला
मेरे निकट ले आया
-"नमस्ते साअब!"
संजीदगी से बोला-
"क्या-क्या दे दूं साअब जी?"
मैंने उसको गौर से देखा
उसके खिचड़ी वाले बाल
बेतरतीब बिखरे थे
वह खोया हुआ भला मिजाज अधेड़ उम्र का था...
जिसके घुटनों तक पजामा और पैरों पर
लगभग टूटी चप्पलें थीं...
वह फिर संजीदगी से बोला
क्या-क्या दे दूं साअब?
गोभी?
परवल?
मेथी...
पालक
सोया?
आलू या टमाटर?
कुछ तो ले लो साअब!
इतने में
एक और युवक
बगल से निकलकर फुसफुसाया
"खबरदार! यह मुसलमान है...
इससे सब्जी कभी मत लेना।
मगर अपना जमीर बोला
हम तो इसी से सब्जी लेते रहे हैं।
मैंने उससे कहा-
दे दो एक किलो टाइट-टाइट टमाटर
आधा किलो गोभी,
एक पाव हरे मिर्च और धनिया भी देना!
सब्जी तौलने के बाद
कुछ सोचता हुआ....
उसने कहा-
सा'ब अब हम चोटिया भी रखेगें!
यह भगवा झण्डा काफी बिकरी करा देता है।
वरना पिछले कुछ दिनों से
मेरा परिवार फांका करने लगा था!
अब अक्किल आई जनाब कि
तिलक और कंठी कितनी काम की चीज है!
मैंने उससे कुछ नहीं कहा
वह अपना ठेला लिए गेट से बाहर जा रहा था
और मैं सोच रहा था कि
सैफू सब्जी वाला था
कितनी तेजी से मुसलमान बन गया.....
और परिस्थिति उसे उतनी ही तेजी से हिंदुत्व की ओर धकेल रही है...
कभी रामू रिक्शावाला होता था...
सैफू सिर्फ सब्जी वाला..
कल्लू पंचर वाला..
लेकिन ये अब हिन्दू-मुसलमान में तेजी से परिवर्तित हो रहे हैं!
अच्छा है धर्म अपना रूप दिखा रहा है
और इंसान अपना......
-विद्रोही
