मैंने कभी उस बूढ़े बरगद को रोते हुए नही देखा, ना ही कभी देखा है उसे किसी से अपना दर्द बांटते हुए। बच्चा था मैं तबसे देख रहा हूँ, खड़ा है यूँ ही, जाड़ा,गर्मी,बरसात, चाहे अमावस की काली रात, खड़ा ही रहा है एक सच्चे सिपहसलार की तरह। अब तो जटाएं निकल आई हैं, कभी ये भी जवान हुआ करता था, मजबूत थी टहनियां, बच्चे उनपे झूला करते थे, आते ही बसंत उनपे नए पत्ते नए फूल खिला करते थे। अब तो ना पत्ते हैं, ना ही फूल हैं, केवल ठूठ बचा है, प्रकृति ने भी ना जाने कैसा खेल रचा है। सोचता हूँ कभी तो इसे भी याद आती ही होगी, उन पंछियों की जिनके घोसले हुआ करते थे, उसकी टहनियों पर, उन बच्चों की जो झूला करते थे, उसकी टहनीयों पर, कभी पुछ पाता तो पूछता उससे आखिर वो इतना विरक्त कैसे है? आजकल उस ठूठ पर एक गिलहरी रहती है, चली जायगी वो भी एक दिन, उन पंछियों की तरह, उन बच्चों की तरह, उन अनगिनत राहगीरों की तरह, जिन्हें बरगद ने कभी तृप्त किया था। उसके जाने से वह उदास जरूर होगा, पर रोयेगा नही, ऐसा मुझे विस्वास है, क्योंकि "मैंने उस बूढ़े बरगद को कभी रोते हुए नही देखा"।