नमस्कार। मानसून आ चुका है लेकिन सूखा झेल रहे शहरों में मानसून की शुरुआत में ही बाढ़ जैसे हालात पैदा हो जाते हैं। हर बार बारिश के बाद हाल यही होता है। टाउन प्लानिंग के बड़े-बड़े आइडिया बरसात के पानी में धुल जाते हैं। करोड़ों रुपए का बजट रिहायशी इलाकों के जलभराव में डूब जाता है।
जलवायु परिवर्तन की वजह से बिना मानसून के भी अतिवृष्टि होना आम बात हो गई है। जब समस्याएं दिन-ब-दिन बढ़ती जाएं और समाधान आंखों से ओझल होने लगे; तब सरकारों को अभूतपूर्व पहल करने में हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए।
एक विचार है जो रोशनी की किरण की तरह मेरे दिमाग में कोंधता रहता है। लेकिन जब इसे अमल में लाया जाएगा तो यह जलभराव की पूरी तस्वीर बदल देगा। मेरी कार्ययोजना को स्पंज सिटी के सिद्धांत का नैक्स्ट लेवल माना जा सकता है। जैसे स्पंज से सोखे हुए पानी को बाहर निकाल सकते हैं; ठीक उसी तरह ईकोसिस्टम को बचाने के लिए यह जरूरी हो गया है कि बारिश के पानी को इस तरह संग्रहित किया जाए कि यह जनजीवन के लिए उपयोगी साबित हो।
बरसात में अक्सर जलभराव झेल रही कॉलोनियों को वहां के निवासियों की सहमति से पूरी तरह हटा देना चाहिए। इन कॉलोनियों के हजारों परिवारों को शहर के बाहर नयी कॉलोनी में बसाने का मास्टरप्लान बनाया जाए। इतनी बड़ी आबादी को विस्थापित करना लगभग नामुमकिन नजर आता है; लेकिन जब घाव नासूर बनने लगे तो आमूलचूल इलाज लाजिमी हो जाता है।
विस्थापन के बाद खाली हुई जगह में जब जलभराव होगा तो यह एक प्राकृतिक जलाशय का रूप ले लेगा। इस पूरे इलाके को एक खूबसूरत लैंडस्केप की तरह विकसित किया जाए। यानि कि झील, पार्क, रैस्टोरेंट वगैरह-वगैरह। एक समाधान से न जाने कितनी परेशानियों का हल निकल आएगा। जलभराव की असाध्य बीमारी से छुटकारा, धरती के वाटर लेवल में सुधार, सड़कों पर कम ट्रैफिक, प्रदूषण में कमी और शहर के बीचोबीच मनोरंजन के लिए एक खूबसूरत लैंडस्केप मतलब मानसिक स्वास्थ्य में सुधार।
अतिशयोक्ति नजर आने वाली यह पहल शहरीकरण से पैदा हुई एक जटिल समस्या को हमेशा के लिए मिटा देगी। यही वह रास्ता है जो हमें एक नई मंजिल तक लेकर जाएगा।
© वरुण चौधरी अंतरिक्ष
Digital AntrikshVani on YouTube
Varun Chaudhary antriksh on Facebook, Instagram, Google, Twitter, Koo, Threads and Kavishala.

