क्या होते हैं सपने? कैसे होते हैं सपने? जो सच हो जाए वो सपना है? या रह जाए जो अधूरा वह सपना है? या कुछ पाने की इच्छा करना सपना है? क्या एक बेटे का ये सोचना, कि एक दिन उसके पिता वापस आऐंगे ये सपना है? घंटों उनकी तसवीर से बतियाना और यह आशा करना कि इक दिन वे तस्वीर से निकलेंगे और गले से लगा लेंगे। या उसका यह सोचना, कि पिता फिर से उसका हाथ थामें एक बार फिर से उसे चलना सिखाँऐं, ये सपना है?? रह गऐ जो काम अधूरे थे उनके, उन्हे पूरा अब करना है, इक बेटे का यह सोचना, क्या यह सपना है? माँ को पिताजी से लड़ते देखना फिर प्यार से कहना, "तुम ध्यान नहीं रखते अपना" यह सपना है? माँ का यह सोचना कि अपने बच्चों की छोटी बडी खुशियाँ साथ साथ मनाऐंगे जीवन का सूर्यास्त दोनो साथ देखेंगे, यह भी तो सपना ही था।। कहा था पिताजी ने इक दिन मुझसे, तेरे बच्चों के साथ,तेरा बचपन वापस जीना है। उनका हाथ थाम सुबह की सैर पर जाना है।। उनके साथ बैठ हंसना है। वो सपना ही तो था, मगर कहां पूरा हुआ? पिताजी की फटी कमीज़ देखकर यह सोचना कि उनके लिए नई कमीज़ बनाऊंगा उनको ऐक-ऐक पैसा जोड़ते देख, मेरा यह सोचना कि, इक दिन उनके कदमों मे जहां रखदुुंगा। बस यही तो इक सपना था मेरा उनकी खाली कुर्सी को देखकर मेरा यह सोचना, कि वो आऐंगे फिर से। यही बैठ कर संग चाय पियेंगे। या घर के आंगन मे पानी भरते हुए सुबह सबसे पहले वे ही दिखाई देंगे क्या यह सपना है मेरा?? मेरे घर आने पर, इंतज़ार करना उनका, वहीं बस स्टोप पर खडे रह कर। मेरे बस से उतरने पर, आंखों से ज़रा सा, मुस्कुरा देना उनका। चाहता हूँ ये सब फिर से हो मेरा यह चाहना, क्या सपना है??? चुपके से सब कुछ अकेले ही सह जाना उनका, बहुत याद आता है , चुपके से मेरी बातों पर हँस जाना अब आँखे नम कर जाता है।। इन सुनहरे पलों का लालच करना क्या ये सपना है? यदि सपने पूरे होते हैं तो क्यूं मेरे ना हुए यदि रह जाते हैं अधूरे, तो क्यूं वे सपने हैं? इक बात जो समझ ना आई कभी क्या होते हैं सपने? जो रह जाएं अधूरे? या जो हो जाएं पूरे? -×-×-×-×-×-×-×-×-×-×- " याद तो बहुत करता हूँ , पर किस से कहूँ बस चुप रह जाता हूँ। सब कहते हैं ,मै हँसते हुए, सब सह जाता हूँ। पर किसे है पता,हज़ारों आँसू भर आँखों में, मैं रोज़ अकेले ही सो जाता हूँ।। -×-×-×-×-×-×-×-×-×-×-×-