बेरहम दुनिया की बेहिसाब करतूतों को देखकर
सहम रही थी मैं,
फिर भी खुशी का नकाब पहन खिल रही थी मैं।
जिस दिन तेजाब फेंका था तूने मुझ पर,
चेहरा तो जल गया था,
पर सपनों की उड़ान भर रही थी मैं।
एक घर क्या जला दिया तूने मेरा,
हज़ारों दिलों में राज कर रही थी मैं।
पहले एक हैवान से प्यार करती थी,
अब हजारों मासूमों का प्यार पा रही थी मैं।
तूने सोचा मर जाऊंगी,
तेजाब की आग में जल जाऊंगी,
पर उस आग से खरा सोना बन रही थी मैं।
जितने घाव उस दिन मेरे शरीर पर आए थे,
उतने ही बुलंद मेरे हौसले होते जा रहे थे।
कभी मेरा चेहरा मेरी पहचान था,
आज अपने काम से जानी जा रही थी मैं।
कभी आना मेरे आशियाने पर,
और महसूस करना,
कैसे मैं और मेरी तरह की बाकी लडकियाँ
खुद मौत से लड़कर,दूसरों को जीना सिखा रही हैं।
शर्म करना अपने आप पर,
अपनी सोच पर,अपने काम पर
क्योंकि तुझसे ज़्यादा तो,
हम जैसी लडकियाँ समाज के काम आ रही हैं।
