आसमान में उड़ान बाज-सी लिये चलो।

हारना नहीं कभी कर्म को किये चलो।।


लाख मुश्किलें मिलें धूल में मिला सखे!

पुण्य प्रार्थना फले पुष्प ही खिला सखे!

क्रांति बीज बो सदैव सम्पदा दिये चलो।


शूल जो चुभें तुझे प्रसून-सा सहेजना।

मौन साधना सही प्रभात धूप सेंकना।।

कालकूट सिक्त शम्भु कंठ में पिये चलो।


आदमी सचेत हो सुमार्ग में बढ़े अड़े।

धर्म वस्त्र ओढ़ ले अराति सामने खड़े।।

अस्त्र हाथ में संभाल जीत को जिये चलो।


पंक में सरोज खोज कुंभ नीर से भरो।

पूजते सभी प्रताप मृत्यु से नहीं डरो।।

शूरवीर घाव नित्य सूत से सिये चलो।।

*******************************

वर्षा अग्निहोत्री