तुम सिंधु लहर हो क्या कोई?
मैं भीग रेत-सा जाता हूं।
जल तरल सरल सा लाती हो।
मैं मुक्त हृदय अपनाता हूं।
हो कोमल कविता कव्वाली।
कीर्तन में बजती तुम ताली।
सुनता रहता हूं शब्द सुगम।
मन ही मन में मुस्कुराता हूं।
घायल पायल की धुन पर मैं।
तुम प्रीत पुष्प सी सुंदर मैं।
मंजिल अपनी है एक सनम,
राही सत्पथ पर जाता हूं।
आवास पास ही बनवा लो।
रोते मंजर को सहला लो।
मोहक सम्मोहक मृदु शाखा,
मैं बैठ छाँव सुख पाता हूं।
दीपक बाती-से जलते मन।
हिम शैल शिखर -से गलते तन।
रवि रश्मि प्रखरता सरिता-सी
ऊष्मा सुषमा ले आता हूं।
वर्षा अग्निहोत्री

