थी बहुत काली निशा, रवि दिखाया आपने।
पथ उजाले से भरा, पग बढ़ाया आपने।।
तोड़कर सारे सघन, सख्त बंधन रीत के।
थाम मेरा कर लिया, शशि सजाया आपने।।
जिंदगी संचार बिन, खो रही थी गर्त में।
कामना के वेग को,फिर बहाया आपने।।
कल्पना सोई हुई, वक्त भी खामोश था।
साज सरगम छेड़ कर, गीत गाया आपने।।
मोहिनी मन मंजरी, झूमती तन शाख पर।
प्रेम पंछी बन निलय, जब बनाया आपने।।
नेह'वर्षा'व्यंजना, सी बनी हर पृष्ठ पर।
वर्ण सोने से सभी, कवि बनाया आपने।।
-वर्षा अग्निहोत्री

