आया वसंत रे!सखी,झूमो गाओ संग।

होली दस्तक दे रही, हवा बजाये चंग।।


बौरा भौंरा झूमता, कली कली को चूम।

तितली उड़ती वाटिका, लाया उत्सव धूम।।

खेतों में सरसों फली, पीला-पीला रंग।


मक्का गेहूँ बाजरा, ज्वार चना कचनार।

लाये पलाश लालिमा, बांटे सुख संसार।।

कोलाहल करके विहग, करें शान्ति को भंग।।


प्रीति रीति की सारिका, उड़े उच्च आकाश।

बोले वाणी अति मधुर, आयें प्रीतम पास।।

बौर आम में हैं लगे, कोयल देखे दंग।।


छंद बंद पढ़ नायिका, मना रही उल्लास।

साजन मेरे साथ में, सब दिन फागुन मास।।

रहना गहना बन सदा, सजे सलोना अंग।।


वर्षा अग्निहोत्री