नारी हूँ अलबेली मैं क्यों, नहीं उठाऊँ तीर?
क्षिति से जल की धारा लाऊं, अम्बर को दूँ चीर।।
ज्योति जलाऊँ रवि किरणों से, अंतर्मन में चाह।
किसमें हिम्मत रोक सके जो,मेरी आकर राह।।
होंठ सजे मुस्कान मनोहर, आँखों में है नीर।।
नारी०
पर्वत, दरिया, सागर,कानन, करना मुझको पार।
काल प्रगट हो आगे अरि सम, मारूं तीक्ष्ण कटार।
कैद नहीं कर पाये मुझको, फौलादी जंजीर।
नारी०
नस-नस में है गर्म लहू फिर, क्यों होना भयभीत?
श्वांस-श्वांस से पैदा होता, है सुंदर संगीत।।
जन्म जीव को देती हूं मैं, सहकर भारी पीर।
नारी०
मृदु कोमल काया है मेरी, मेरे अंदर आग।
जिसने चाहा उसको वापस, विमल दिया अनुराग।।
सदा श्याम जी रक्षा करते, बढ़ा बदन का चीर।।
नारी०
गरल घूँट मैं पी लेती हूँ, बनता जो पीयूष।
अन्न वस्त्र क्या दे पायेंगे, निर्धन ठग कंजूस?
स्वयं कमाना होगी मुझको, अपनी जग जागीर।।
नारी हूँ अलबेली मैं क्यों, नहीं उठाऊँ तीर?
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
वर्षा अग्निहोत्री

