चाँद तुम्हीं सुंदर अभिलाषा।

काव्य कल्पना कोमल भाषा।।

विरह वेदना सदा बढ़ाते।

प्रियतम बन मिलने आ जाते।

बादल बीच छिपे जब जाकर।

प्रेमी सारे खुश गा-गा कर।।

शोध विषय तुम वैज्ञानिक का।

रूप दिव्य जैसे माणिक का।।

नित्य नवीन पुरातन भी हो।

पूज्य प्रभा सम पावन भी हो।।

आकर्षण कुछ ऐसा पाया।

स्वर लहरी ने तुमको गाया।

शोभित शिव मस्तक मयंक मणि।

काया पर काला कलंक मणि।।

दिवस ओज खो देते दीपक।

अर्घ्य चौथ का लेते दीपक।।

सुहागिनों का सुख सूरज हो।

उड़े गगन गर्वित भू-ध्वज हो।।

सस्मित समता स्त्री मुख की।

एकाकी अम्बर की झुमकी।।

सुधा वृष्टि पूनम को करते।

शरद रात्रि मन मीत विचरते।।

रास नृत्य के पूरक प्यारे।

साक्षी युग युग के कवि न्यारे।।

कभी नहीं कम होगा यश यति।

शिक्षा शाश्वत चिर चंचल गति।।


-वर्षा अग्निहोत्री