मैं मन आलिंगन करता हूँ।
आशा अरुणिम-सी भरता हूँ।।
तुम नील गगन-सी विस्तारित,
जिसमें उड़ने से डरता हूँ।।
ये मौन तुम्हारा साधक है।
जीवन के पथ में बाधक है।।
ज्वाला-सी जलती दीप शिखा,
पल पल क्षणभंगुर मरता हूँ।।
कंचन काया माया कविता।
सरिता निर्मल मंगल सविता।।
मदमाती मधुशाला तुम हो,
वर्षा बूँदों-सा झरता हूँ।।
किसलय कोमल-सा सुर्ख हिया।
घर मंदिर में देदीप्य दिया।।
मीठी मिश्री सी मृदु बातें,
सम्मोहक हो ये कहता हूँ।।
प्यासा पानी को तरसेगा।
कब बादल काला बरसेगा।।
सपना शायद हो पूरा भी।,
झंझावातों से लड़ता हूँ।।
वर्षा अग्निहोत्री
