गीत


उद्यान चंचरीक चपल, ले रहा उड़ान।

गाता रहे सनेह गीत,झूम झूम तान।।


सम्पूर्ण मही मुग्ध,मीत हो रहे प्रसन्न।

कोयल कहे कवित्त चित्त, चोर छाम छन्न।।

कोमल कली किलोल, काम तानते कमान।

उद्यान०

मधुमास में किशोर, वेणु वाद्य छेड़ छेड़।

मन मोहते सुजान ध्यान, मग्न जीव पेड़।।

आकार ले रहा प्रधान, प्रेम प्राण स्वान।

उद्यान०

सरिता सरोज सिंधु साथ, सन्त सोम सूर्य।

आमोद में वितान व्योम, वायु वेग तूर्य।।

नाता नवीन जोड़ होड़, में मनोज्ञ मान।

उद्यान०

सरसों खिली खुमार खेत, दूब नाच-नाच।

लेती बुला मयूर शूर, चारु जाँच-जाँच।।

युवती महीन वस्त्र ओढ़, राधिका समान।

उद्यान०

उल्लास आम बौर और, लाल हैं पलाश।

कचनार नार व्यस्त, वृक्ष बाँध प्रेम पाश।।

साकार सर्व भाव चाव, हो रहे बखान।

उद्यान चंचरीक चपल, ले रहा उड़ान।


वर्षा अग्निहोत्री