लाज ओढ़नी ओढ़ मैं, चली पिया के गेह।
मंगल बेला आ गई, लाये 'वर्षा'मेह।।
छटा यौवन पर छाई।
याद आएगी माई।।
हल्दी रोली आलता,अब मेरा श्रृंगार।
पायल झुमका चूड़ियां पहन गले में हार।
सखी में हुई पराई।
अहा!मदहोशी छाई।।
नायक नाता जोड़कर देता है सौगात।
ओ!मेरी अर्धांगिनी लाई नवल प्रभात।
प्रेम की पाती पाई।
देह में आग लगाई।।
आँखों में सपने सजे बैर बांधती नींद।
जीवन बीते साथ में, साजन ही उम्मीद।
मीत को मन कन्हाई।
राधिका करे सगाई ।
चांदी की है पालकी,सोने-सा संसार।
सपना साजन देखती, नैनों में है प्यार।
जिंदगी खुशियां लाई।
सजी मेरी तरुणाई।
********************************
वर्षा अग्निहोत्री
