गाओ साजन कोई गीत,मन शीतलता पा जाये।

नैनों से बरसे रसधार, अम्बर बादल छा जाये।।


मंत्र साधना से तकदीर, मैंने सुना संवरती है।

गूँज उठे जब रोचक राग, नृत्य करे तब धरती है।।

सुनते-सुनते आये नींद, नेह नाद छलका जाये।।


द्वार जलाऊंगी मैं दीप, बैठूंगी सिरहाने पर।

झिलमिल झिलमिल तारे चंद्र,रीझें मृदु मुस्काने पर।

बाँटेंगे सागर-सी प्रीत, सलिल अनिल बहका जाये।।


घट जाएगा सभी विषाद, और यामिनी झूमेगी।

मोहक मादक ममता फूल, जैसा मुखड़ा चूमेगी।

पर्णकुटी के तुम हो राम, उर सीता समता पाये।।


-वर्षा अग्निहोत्री