ख़ामोश हैं कुदरत के तेवर अभी तो
जो बिगड़े तो टिक ना पाओगे
जागने का मौका नहीं फिर,
तुम बस ऊँघते रह जाओगे।
बसने की जल्दी में तुम सब
डाल अपनी ही काट रहे हो
जीते-जी मरने की क़वायद
पीढ़ी को मौत बाँट रहे हो
पहाड़ से आती नदीयों से,
क्या फिर तुम कभी मिल पाओगे
तुम बस ऊँघते रह जाओगे।
चीर-फाड़ के धरती का आँगन
मीलों-मील शहर बस रहे
सागर भी नाराज़ है तुमसे
इन्च-इन्च जो हम धँस रहे।
पानी से मिटने वाली प्यास,
क्या तुम तरक्की से बुझाओगे
तुम बस ऊँघते.....
धुँऐं की चाकरी में तुमने
दम हवा का घोंट दिया
प्लास्टिक से यारी करके
माटी का दिल भी तोड दिया।
आती-जाती साँसों में
बस ज़हर ही सूंघ पाओगे
तुम बस ऊँघते......
बादल सारे खाली हैं अब
बारिशें जबसे बीमार पड़ी हैं
खेतों में फसल वो बोता था
वहीं किसान की लाशें गढ़ी हैं।
भूख से बिलखते बच्चों को
क्या तुम दौलत खिलाओगे,
तुम बस ऊँघते रह जाओगे।