शिवरात्री का पावन उत्सव,
शिव और शिवा का मिलन,
शिव और शक्ति का मिलन।
या यूँ कहें,
प्रकृति और पुरूष का मिलन,
जड़ और चेतन का मिलन।
एक के बिना दूसरा निरर्थक,
जड़ सा प्रतीत होता है।
नारी के पारस स्पर्श में ही
सृजन है, संसार है।
एक इंद्रधनुषी दुनिया ।
शिवरात्री इसी का प्रत्यक्ष ,व्यक्त रूप है।
अकेले शिव तो योगी ही रहे,
ध्यानस्थ,धुनि रमाये योगस्थ,
आत्मलीन,ब्रह्मलीन स्वयंभू देव ।
हमारा पारस स्पर्श सतरंगी दुनिया बनाता है,
तो हम क्यों ना,
सृजन के उस शिखर तक पहुँचे,
जहाँ केवल प्यार ममता और स्नेह हो।
माँ पत्नी बेटी या बहन हर रूप में।
मानवयंत्र में प्राण फूंक कर,
उन्हें चैतन्य धरातल पर अग्रसरित कर
सारी सृष्टि ही बदल दें ।
नया सृजन, नवल दृष्टि,
फिर नूतन संसार ।
रचनात्मकता के सोपान पर चढ़ते हुये,
उस शिखर तक पहुँचे, जहाँ,
"आत्मदीपो भव "का चतुर्दिक उजास हो।
नारीशक्ति का पावन संदेश
हर मन में संचरित हो ।
वंदना ।
