मरे हुए ईमान हैं जिनके,
जगह जगह पर दिख जाते हैं |
न जाने क्यों आसानी से
लोग यहाँ पर बिक जाते हैं |
कभी छुपा, कभी घुमा-फिराकर
सच को ये बतलाते हैं |
जाने में, कभी अनजाने में
झूठ को ये फैलाते हैं |
बनती बात बिगड़ जाये,
ऐसी बातें लिख जाते हैं |
न जाने क्यों आसानी से
लोग यहाँ पर बिक जाते हैं |
जाने कैसी दौड़ है ये
औरों से आगे जाने की |
जिस लायक न काम रहा हो
ऊँचाई वो पाने की |
बड़े लोग करते घोटाले,
तो उनको ये ढक जाते हैं |
न जाने क्यों आसानी से
लोग यहाँ पर बिक जाते हैं |
कह कर कोई गया था देखो,
देर है पर अंधेर नहीं |
झूठ की काली रात में जब,
दिखती आती कोई सवेर नहीं |
तब भी उजियारे के सिपाही
दीप जलाते दिख जाते हैं |
न जाने क्यों आसानी से
लोग यहाँ पर बिक जाते हैं |
