गंतव्य तेरी ही बाँट निहारे


उपलब्धियाँ अभी कई शेष हैं ,

राही ! राहों में रूका न कर

माथे तेरे आकाश बिराजे ,

तू बादलों सामने झुका न कर


क्या भय इस बात का है

जो पहली कोशिश ही विफल रही

जुटजा तू यूँ जान लगाकर

हर गलती को कर सही


अधिक से अधिक भला क्या होगा

मनोवांछित का ही साथ छिनेगा

जीत गए तो लाख खुशी,

जो हार गए तो पाठ मिलेगा


उस प्राप्त पाठ को अपने

जीवन का आदर्श रखकर तो देख,

गंतव्य तेरी ही बाँट निहारे

तू मार्ग में चलकर तो देख |



द्वारा - वैदेही जौहरी