कांप जाती है रूह मेरी
सोच अपना मृत शरीर
जिनके लिए सर्वस्व किया
वो विदा करने को अधीर
जी न पाते थे मेरे बिन जो
आज निर्मोही हो रहे
सम्बोधन का अभाव है अब
सब मृत शरीर कह रहे
न रही मेरे घर में, मेरे लिए ही जगह
आज आँगन में पड़ा, ले सहारा का धरा
गोद में जिसको खिलाया
क्या भूल गया कर्तव्य ज्ञान
आज मुखाग्नि देने को
दिख रहा तत्पर नादान
हो गया मोह भंग मेरा संसार के भंवर से
कुछ नहीं मेरा यहाँ न साथ कुछ जाएगा
व्यर्थ में हूँ भागा फिरता
सब यही रह जायेगा...।।