वो हैं आबाद मैं कुछ भी नहीं हूँ।
दिले नाशाद मैं कुछ भी नहीं हूँ।
ये गुम्बद एक दिन झुककर के बोला,
सुनो बुनियाद मैं कुछ भी नहीं हूँ।
उसे जबसे सुना है लग रहा है,
मेरे उस्ताद मैं कुछ भी नहीं हूँ।
तुम्हारे साथ मैं सब कुछ हूँ लेकिन,
तुम्हारे बाद मैं कुछ भी नहीं हूँ।
मेरे शेरों को तुम भूले नहीं पर,
मुझी को याद मैं कुछ भी नहीं हूँ।
तेरी भाषा तेरा लहजा है मुझमें,
फर्रुखाबाद मैं कुछ भी नहीं हूँ।
- उत्कर्ष अग्निहोत्री
