ए मेरी उम्मीदों यूँ मत रूठो मुझसे

तुम्हारा अधूरापन अब बर्दाश्त नही होता,

बहुत वक़्त बीत गया मायूसी में,

अब मुझसे और इंतजार नही होताI

 

क्यूँ राह भूल गई तुम मेरे दर की

क्या हवाएं नही भाई तुम्हे मेरे घर की,

मैं आज भी तुम्हारी राह जोहे बैठा हूँ

क्या तुम्हे मेरी आँखों में दर्द का दीदार नही होता I

 

मेरी चाहत पर भी एक नज़र डाल लो,

टूट रहा हूँ मैं आकर मुझे सम्हाल लो,

कर्म भी करता हूँ मैं पूरे जतन से

पर उसके फल का कोई आकार नही होता I

 

क्या मेरी दुआ में कोई कमी रह गई

क्या मेरी कोई हरकत तुम्हे चुभ गई ,

फिर क्या रंज क्या शिकवा है तुम्हे मुझसे

क्यूँ तुम्हे मुझ पर ऐतबार नही होता I

 

कहते है कोशिशों की कभी हार नही होती

सच्चे दिल की आरजू यूँ बेजार नही होती ,

पर मुझे तो मेरी ही किस्मत ने धोखा दिया

अब तो मुझे तुम्हारी नीयत पर विश्वास नही होता I

 

तेरी हसीं की खनक क्यूँ सुनाई नही देती

तेरे क़दमों की झलक क्यूँ दिखाई नही देती,

क्यूँ बहारें रूठ सी गई है मुझसे

बिन तेरे मेरे दिल का आँगन गुलज़ार नही होताI 



तुम खुद पूरी होकर मुझे पूर्ण कर जाओ

मेरी प्रार्थना का कुछ तो असर दिखाओ,

कोशिशें मेरे हाथ है पर तुम भी तो रहम करो

दिल से किया प्रयास कभी बेकार नही होता I