झर रहे हैं पर्ण लेकर
प्रेम पाती संग अपने
कह रहे हैं, हम चले अब
कर निछावर प्रीत सपने
लो सँजोकर अद्य रखलो
यह शिशिर की भावनाएँ
कर बढ़ाकर त्याग दो अब
निज हृदय की वेदनाएँ
बीज दो सब पीड़ मन की
भू मृदा के गर्भ अंदर
फिर पुनः यह जन्म लेंगी
बन कुसुम दल पद्म सुंदर ॥
- विष्णुप्रिया

