दुख अमरता से पुरस्कृत...

पीर जो दृग से बहीं हैं,
तोड़ के मन भावना को
सुप्त हो जातीं हृदय में,
ओढ़ के कुश वेदना को

काल की परिधी से करतीं, नित हिया मन को अधिकृत
देह के तृण पात्र में क्यों, दुख अमृता से पुरस्कृत.....

शिथिल हो जाता मनस में,
हर्ष का माधुर्य गुंजन
किंतु कंटक पीर के दिन,
झांकते बन अक्ष अंजन

ताप नित ही वास करता, चेतना को कर बहिस्कृत
देह के तृण पात्र में क्यों, दुख अमरता से पुरस्कृत...

स्नेह के मांगल्य पल भी
वेदना की क्रूर विधि से
छूट जाते हैं हृदय की
प्रेममय शुभ परिधि से

शेष रह जाता हृदय में, स्नेह को भी कर तिरस्कृत
देह के तृण पात्र में क्यों, दुख अमरता से पुरस्कृत...

यह व्यथा की पीड़ दुष्कर
कर न दे स्वप्नों को नश्वर
बस इसी हेतु प्रिय नित
कर रही हूं मैं सत्वर

अश्रु कण से मन हृदय वा, नेत्र युग्मों को परिष्कृत
देह के तृण पात्र में क्यों, दुख अमरता से पुरस्कृत...