कोलाहल की शाम तले
वो मरने से डरते हैं,
जो जीने से घबराते हैं
जो भरकर प्याला पीते हैं,
वो हर मौसम लहराते हैं
क्या बाहर जाना ज़रूरी है?
क़िस्मत या मजबूरी है
घर में बैठे कुढ़ते हो, बात बात पे उड़ते हो
जबरन बैठे हो पास मेरे तो जबरन साथ निभाते हैं
जो भरकर प्याला पीते हैं,
वो हर मौसम लहराते हैं
फ़ुरसत के कुछ लम्हे खोजो कोलाहल की शाम तले
यूँ सोचो के हम दोनो फिर से बरसों के बाद मिले
आते थे सो जाते थे, लेकिन रह ना पाते थे
घर के वो कोने जो सूने थे, फिर से उन्हें सजाते हैं
जो भरकर प्याला पीते हैं,
वो हर मौसम लहराते हैं
तुम मिलती थीं मैं लिखता था, ना मिलने पर भी लिखता था
हँसने पर भी लिखता था रोने पर भी लिखता था
जाने कब से सूखी हुई स्याही को पिघलाते हैं
यादों के जंगल जाते है एक शेर पकड़ कर लाते हैं
जो भरकर प्याला पीते हैं,
वो हर मौसम लहराते हैं
