बंदर का तंज
हमसे बोला बंदर एक दिन मंद मंद मुसकाय
अच्छा है जो मेरे पूर्वज इंसान नहीं बन पाए
टूटे परबत सूखी नदियाँ कटते पेड़ उजड़ती बगिया
ख़तरे में शेर पिंजरे में चिड़िया
प्रगति के चक्कर में तुमने उधम मचाए
प्रकृति के हाथों से धरा फिसलती जाये
अच्छा है जो मेरे पूर्वज इंसान नहीं बन पाए
रब ने बनाई एक दुनिया तुमने सरहदें बनाई
उस सरहद पर जाने क़ितनो ने जान गँवाई
पूरी धरती को छोड़ टुकड़ों पर लड़ते आये
खुद ही जीते खुद ही हारे खुद रोए और हर्शाए
अच्छा है जो मेरे पूर्वज इंसान नहीं बन पाये
जंगल से गए तुम बस्ती में, जंगल को छुपा कर हस्ती में
लोमड़ी की चलते चाल सदा, खुद को शेर समझते हो
केंचुली बदलते सर्पों सी गिरगिट सा रंग बदलते हो
इंसानो के जंगल में इंसान इंसान को खाए
अच्छा है जो मेरे पूर्वज इंसान नहीं बन पाए
इतिहास से रूठे रहते हो, भविष्य की खोज में रहते हो
ना तो आज में जीते हो ना तो खुद से मिलते हो
ऐसा भी देखा है के एक मूरख चिल्लाए और सौ सुनने को आए
जो खुद को ना समझे वो औरों को समझाए
अच्छा है जो मेरे पूर्वज इंसान नहीं बन पाये
एक भूखे की आँख का आँसू पोंछ नहीं तुम पाए
जाने किस हक़ से विनाश के साज सामान जुटाए
इतनी ताक़त इतनी बुद्धि व्यर्थ में तुमने गँवाये
हमारी चलती तो हम तुमको उल्टा दें लटकाय
अच्छा है जो मेरे पूर्वज इंसान नहीं बन पाये
इस धरती पर सिर्फ़ अपना हक़ जताते हो
ज्ञान की बातें करते हो औरों को नहीं समझते हो
विज्ञान के बल पर तुम चाँद तलक हो आए
जिस धरती पर जने अभी तक उसे समझ ना पाए
अच्छा है जो मेरे पूर्वज इंसान नहीं पाये
तुम्हारी नहीं है, हमारी भी है, हर जीव की है, हर प्राणी की है
इस पेड़ की है, उस परबत की है, शांत समुद्र के पानी की है
आने वाली पीढ़ी की है, जो बीत रही उस कड़ी की है
यह धरती किसी और ग्रह का, कल चाँद नहीं बन जाए
अच्छा है जो मेरे पूर्वज इंसान नहीं बन पाए
