आम आदमी की व्यथा
कल अख़बार में पढ़ा , के देश आज़ाद हो गया है
और यह भी पढ़ा के देश को आज़ाद हुए बरसों हो गए हैं
बड़ा ताज्जुब हुआ ! शायद कोई और देश होगा,
मुझे आज़ादी कब मिलेगी? मेरा देश कब आज़ाद होगा
वैसे देखा तो है, सरकारी बाबुओं को आज़ादी से जीते हुए
उन्हें आज़ादी है काम ना करने की, देर से आने की,
जल्दी जाने की, खाने की, खा कर भी काम ना करने की
शायद यह भी एक तरह की आज़ादी है - जिम्मदारियों को ना समझने की
मुझे आज़ादी कब मिलेगी? मेरा बोझ कब कम होगा?
देखा है अख़बार-नविसों को खबरें बनाते हुए
सितारों की छींक को देश पर ख़तरा बताते हुए
लोगों की मौत पे रोटियाँ पकाते हुए
उन्हें आज़ादी है किसी को अहमियत देने या ना देने की
मुझे आज़ादी कब मिलेगी? मेरी अहमियत क्या है?
गली के सारे निडर अब लीडर बन गए हैं, निडरता अच्छी बात है
वे निडरता से जब चाहे जहां चाहे आ जा सकते हैं
या किसी का आना जाना रोक सकते हैं
मैं महीने की तनख़्वाह घर ले जाते डरता हूँ, हर बात पे डरता हूँ
मुझे आज़ादी कब मिलेगी? मेरा डर कब जाएगा?
कभी किसी ने कहा था “ तुम मुझे खून दो - मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा”
आज मच्छर से लेकर मिनिस्टर तक, सब आज़ादी से मेरा खून चूसते हैं
मैं रात भर जागता रहता हूँ, वो दिन भर सोते रहते हैं
मुझे आज़ादी कब मिलेगी? मुझे नींद कब आएगी?
मेरा देश कब आज़ाद होगा?
