निवासिनी! उन कुख्यात आँचलों की,
लांछन का ताज लिए फिरती हूँ।
महफ़िलों की मलिका हूँ, मगर!
उच्च वर्गीय सम्मेलन से भी मैं वंचित हूँ।

नुमाइश मैं तुम्हारी मर्यादा लँघन की,
लेकिन, मर्यादाहीन मैं कहलाई हूँ!
व्यंग्योक्ति से देवदासी कहके, मुझे नवाज़ा गया
मैं एक प्रिय कलंकिनी हूँ।

अभिसारिका मैं, कई रसिकों की,
कुछ गुमनाम रत्नों की भी, प्रसविनि हूँ।
नतीज़ा मैं बस निर्मम परिस्थितियों की,
लिहाज़ा,
हर-एक काल-खंड में, मैं, एक अभागिन हूँ।