बाल रूप में सूर्य को मुख में रखने वाले,
सदा राम नाम का जप तप करने वाले ।

अतुलित बल से सौ योजन लांघने वाले,
सीता जी का पता स्वयं ही लगाने वाले ।

रावण के अहंकार को डगमगाने वाले,
सोने की लंका अकेले ही जलाने वाले ।

श्री राम को माता सीता की सूचना देने वाले,
उनके हृदय की पीड़ा पल भर में हरने वाले ।

सूर्योदय से पहले संजीवनी लाने वाले,
भैया लक्ष्मण के जीवन को बचाने वाले ।

विनम्र स्वभाव से सबको लुभाने वाले,
तर्क बुद्धि से वाद विवाद निपटाने वाले ।

अपने ज्ञान से ब्रह्माण्ड को रोशन करने वाले,
अपार शक्ति से असुरों का संहार करने वाले ।

कण कण में प्रभु श्री राम को देखने वाले,
ना मिलने पर रत्नों की माला तोड़ने वाले ।

भरी सभा में अपना सीना चीरने वाले,
सीने में श्री राम सीता को बसाने वाले ।

प्रभु श्री राम के हृदय में सदा बसने वाले,
सम्पूर्ण जीवन उनके चरणों में समर्पित करने वाले । 

उनकी कृपा से सदा पृथ्वी पर रहने वाले,
हर युग में अपने होने का प्रमाण देने वाले ।

महाबली भीम का अहंकार तोड़ने वाले,
उनको असीम बल का ज्ञान देने वाले ।

अर्जुन के रथ पर ध्वजा रूप में सवार होने वाले,
श्री कृष्ण द्वारा गीता ज्ञान को ग्रहण करने वाले ।

कलयुग में भक्तों पर कृपा बरसाने वाले,
उनके हर दुःख, दर्द, संकट को हरने वाले ।।

महाबली, बजरंगबली, हनुमान जी को मेरा 
कोटि कोटि प्रणाम ।

- तुषार "बिहारी"