जब मेरा स्वयं से सामना हुआ,
उसने पूछा; अब कैसे आना हुआ ?
मैंने कहा; जरूरत आ पड़ी है तुम्हारी,
वो बोला; तुम इंसानों की ये आदत है पुरानी ।
मैंने कहा; आदत ही ठीक पर आया तो सही,
वो बोला; छोड़ दे ये आदत ये आदत सही नहीं ।
मैंने कहा; आदत छोडूं तो छोडूं कैसे, तू बता तो ज़रा ?
वो बोला; भूल जा तू खुद को इसमें है तेरा भला ।
मैंने कहा; इतना आसान नहीं है जितना आसान लगता है,
वो बोला; ठीक है तू जा यहां से, यहां ज्ञान नहीं बंटता है ।
मैंने कहा; बड़ा निर्दयी है तू, इतना भी साथ दे नहीं सकता,
वो बोला; साथ तो तेरे हर वक्त हूं पर तू ही साथ नहीं चलता ।
मैंने सोचा मन ही मन में बोला तो ये सही है,
हमारे साथ है फिर भी इसको समझा ही नहीं है ।
अब जो मुझे समझना था वो मैंने समझ लिया,
खुद का ज़मीर ही सब कुछ है बाकी सब बुझता दीया ।
- तुषार "बिहारी"

