एक असफल व्यक्ति


आसान नहीं होता असफल हो जाना 


आसान है असफल कहना 

किंतु उतना हीं मुश्किल है असफल होना


असफल होने में उम्र लगती है 

बीज से पूर्ण पेड़ तक का समय


हर तरफ़ हारना पड़ता है

बिना हताश हुए 


अनंत मंज़िलें

एक के बाद एक 

उलझी हुए ऊन की तरह

एक दूसरे में बुने रास्ते 


लोग भूलते नहीं

भूलने भी नहीं देते 

अक्सर मुस्कुराहटों से 


ये बाहर की बातें हैं 


अंदर ज्वर चढ़ता है 

उसके उतरने का इंतिज़ार करना होता है

आसान नहीं होता असफल हो जाना 


सम्मान खोना होता है आँखों में 


निरीह पर्वत की तरह कठोर 

और चोटी का अकेलापन 

सहना पड़ता है


मस्तिष्क के विकारों को जीना पड़ता है


समंदर की गहराइयों की तरह

अत्यंत अंधकार को 

पीना पड़ता है


निरर्थक होना होता है 

शैवाल की तरह

घाँसों के आगे 


आसान नहीं होता असफल हो जाना 


और

घुटने मज़बूत रखने पड़ते है 

सफलता पे घुटने टेक देना 

नहीं सिखाता है असफल व्यक्ति ।