बागों में ख़बर चली,
कि एक कली निखर चली,
वह इस क़दर सँवर चली,
कि मुड़ती हर नज़र चली,
रूप यूँ बरस पड़ा
रस-रंग सार हो गई।
फूल एक यूँ खिला,
फ़िज़ा बहार हो गई।
चूम ख़ुशबुओं का तन,
गली-गली चली पवन,
महक उठे धरा-गगन,
मचल-मचल गया मदन,
इक नर्म रेशमी किरन—
सहज सिंगार हो गई।
फूल एक यूँ खिला,
फ़िज़ा बहार हो गई।
नैन ये जब से मिले,
ख़्वाब भी मधुर पले।
शुरू हुए यूँ सिलसिले,
क़दम ख़ुद-ब-ख़ुद चले।
हूक यूँ दिल में उठी,
जाँ बेक़रार हो गई।
फूल एक यूँ खिला,
फ़िज़ा बहार हो गई।

