जिंदगी तेरी गुल्लक में,मैंने कुछ सिक्के डाले थे।
बस धुंधली सी आस में ,बरसों किया है इंतजार ।
शायद तुझे याद हो न हो ,तेरा भी था मुझसे करार ।
कि पहचान लेगी उन हाथों को तू,जिन पर देखे छाले थे ।
कितने बसंत बीत गए ,कितना पानी नदियों में बह गया।
तू भी अपनी पूंजी ले ले ,झोंका उम्र का कानों में कह गया ।
ढलने लगी है शाम अब दे दे ,तेरी झोली में जो उजाले थे ।
बरसों से जो बाकी है ,आज वो सारा हिसाब कर दे ।
जो देना है दे दे मुझको ,बंद अब ये किताब कर दे ।
बस लौटा दे वो सिक्के सारे ,जो अशर्फी बनने वाले थे ।