साथ मिलता नहीं सबको संसार में,

रुचि के अनुसार हर बार मिलता नहीं।

मिल भी जाए तो अनुकूल मन के कभी,

यार मिलता नही, प्यार मिलता नहीं।।

...

ना अहम की कहीं कोई दीवार हो,

ना रवैये में दिखता तिरस्कार हो।

ना हो तुलना किसी की,किसी से कहीं,

मन में विश्वास, दिल में फकत प्यार हो।।

...

वक्त के साथ बदले न जिसका चलन,

साथ चलते अचानक न बहकें कदम।

लोभ, लालच की सीमाओं से दूर ही,

हो निभाने का दोनों तरफ से जतन।।

...

कद्र हो एक दूजे के जज़्बात की,

सन्तुलित और समृद्ध हो जिसका मन।

जिस्म की चाह से, लालसा से परे,

रूह का रूह से हो सदा का मिलन।।

...

हाथ में हाथ हो, वक्त पर साथ हो,

यार को यार से और क्या चाहिए।

आस टूटे नहीं, साथ छूटे नहीं,

प्यार को प्यार से और क्या चाहिए

...