हे जगत-व्याप्त,अमरत्व-प्राप्त, भू की किस्मत का लेखा तुम।

घर-घर की अति-आवश्यकता, जन-जन की जीवन-रेखा तुम।।

...

हे कामरूप,अतिशय,अनूप, सौन्दर्य-स्रोत अति पावन तुम।

गृह,शिक्षा,जर,व्यवसाय,कला, हो सर्वहिती मनभावन तुम।।

...

रेशम से लेकर कांच तलक, हर रूप में कला तुम्हारी है।

लोहा भी है असमर्थ जहां, वहां शक्ति तेरी बलिहारी है।।

...

पाया ऐसा वरदान कि,जल, थल, पवन, अग्नि बेअसर हुए।

जब तक उपयोग हुआ सार्थक,फिर प्रकृति हेतु नित जहर हुए।।

... 

पर्यावरण,  प्रदूषण  मे,  पहला  अनुदान  तुम्हारा  है।

भू, नभ ही नहीं सिर्फ शापित, सागर भी तुमसे हारा है।।

...

तव निराकरण का हर प्रयास असफल, मानव लाचार हुआ।

जन,जीव-जंतु,जलचर,नभचर,सब पर ही विकट प्रहार हुआ।। 

...

कितने रोगों के वाहक तुम, जन, जीवों के संहारक तुम।

तुम बिन नहिं और विकल्प कोई, आवश्यकता में तारक तुम।।

...

हे भीष्मरूप! अब तुम्हीं कहो, कैसे अब अन्त तुम्हारा हो।

भू,जल,नभचर लें स्वच्छ श्वास, भावी अनुपम,उजियारा हो।।