एक हाथ से ताली नहीं बजेगी, सुनते रहे सदा,
कैसे केवल एक अकेला चना भाड़ को फोड़ेगा।
बिन बादल बरसात न संभव हो सकती है धरती पर,
बिना नाल के कैसे घोड़ा सरपट सरपट दौड़ेगा।।
...
एक दूसरे बिन, जींवन मे, होता नहीं गुजारा है।
पासवर्ड सुखमय जीवन का, सद्व्यवहार हमारा है।।
...
अगर सही होंगे हम, कोई कितनी बार गलत होगा?
आखिर तो पिघलेगा,चाहे जितना स्वार्थपरक होगा।
अच्छाई, व्यवहार, प्यार से ही जीता जग जाता है,
विनम्रता से जीत न पाएगा जो पत्थरवत् होगा।।
...
अहम,अमर्ष,असभ्य भाव को, सबने ही धिक्कारा है।
पासवर्ड सुखमय जीवन का, सद्व्यवहार हमारा है।।
...
शिष्ट रहे व्यवहार, परिस्थिति फिर चाहे जैसी भी हो,
स्वजनों से सद्भाव, हर किसी से गर भाईचारा हो।
कहकर अपनी बात, दूसरे की भी सुनने का धीरज,
शान्ति और सहयोग मार्ग में, पहला कदम हमारा हो।।
...
निश्छल, निर्मल, मृदु वाणी ने, जीवन सदा संवारा है।
पासवर्ड सुखमय जीवन का, सद्व्यवहार हमारा है।।.

