सत्य सदा निष्काम है, झूठ सदा निरुपाय।

टालमटोल, बहाने, कसमें, झूठ के ही पर्याय।।

...

सच्चे से परहेज है,  झूठे का सम्मान।

यही रीत है जगत की, है व्यवहारिक ज्ञान।।

...

झूठों का जमघट जहां, सच को मिले न भाव।

सच में कुछ संशय नहीं, नहीं झूठ के पांव।।

...

एक झूठ सौ बार मिल, लेय सत्य का रूप।

किन्तु सत्य है स्वयं में, अद्भुत, अमिट, अनूप।।

...

सच्चाई की राह में, बाधा, विघ्न अनेक।

किन्तु झूठ के साथ न रहते, सन्मति, बुद्धि, विवेक।।

...

एक झूठ के बाद फिर, कई झूठ क्रमवार।

सच्चाई में सत्य ही, रहे सदा आधार।।

...

सच्चाई से जुड़ा है, प्यार और विश्वास।

झूठ नहीं टिकता जहां, होता रिश्ता खास।।