एक गलतफहमी से मिटता, चैन, भरोसा, प्रेम हमारा,
एक गलतफहमी कर देती, दूर हमारा प्रमुख सहारा।
एक गलतफहमी जीवन भर का बन जाती श्राप कभी तो,
एक गलतफहमी से कितने,अपनों से ही कर गये किनारा।।
...
एक गलतफहमी, जीवन रथ का हर चक्र घुमा देती है,
एक गलतफहमी, वर्षों का आदर, प्यार घटा देती है।
एक गलतफहमी से,धुंधला पड़ जाता है दिल का रिश्ता,
एक गलतफहमी,शरीफ को भी, शैतान बना देती है।।
...
एक गलतफहमी से सारे सत्य, असत्य कहे जाते हैं,
एक गलतफहमी से ताने, जीवन पर्यन्त सहे जाते हैं।
एक गलतफहमी से लगते, दाग चरित्रों पर कितने ही,
एक गलतफहमी से सपनों के कितने महल ढहे जाते हैं।।
...
एक गलतफहमी, जीवन की सबसे बड़ी भूल होती है,
एक गलतफहमी, सीने का चुभता हुआ शूल होती है।
एक गलतफहमी,गर हो तो,खा जाती सुख चैन हमारा,
एक गलतफहमी, मिट जाए, तो पैरों की धूल होती है।।

