अनकही कुछ भावनाओं की कड़ी...
कविता मेरी !
अनसुनी संवेदनाओं की लड़ी...
कविता मेरी !!
...
मेरी कविता,मेरी पूरी जिन्दगी का सार है।
बाकी जो भी है जहां में,फर्ज है,व्यापार है।।
मेरी श्वासों के स्पंदन की घड़ी...
कविता मेरी !
ज़िन्दगी के ही उसूलों पर खड़ी...
कविता मेरी !!
...
जिन्दगी कविता में जीने का मजा कुछ और है।
हर अनकही और अनसुनी का एक ये ही ठौर है।।
मेरे हक,अधिकार की खातिर लड़ी...
कविता मेरी !
ज़िन्दगी के ही उसूलों पर खड़ी...
कविता मेरी !!
...
अहसास का अभिव्यक्ति में अनुवाद करती है यही।
सर्वांग का सर्वेश से संवाद करती है यही।।
मेरे लिए है मेरी खुशियों से बड़ी...
कविता मेरी !
ज़िन्दगी के ही उसूलों पर खड़ी...
कविता मेरी !!
...
मेरे सारे दर्द की, खुशियों की,ये ही खान है।
पर कलम मेरी,अभी इस राज से अनजान है।।
जाने क्यों अब रुख बदलने पर अड़ी...
कविता मेरी !
ज़िन्दगी के ही उसूलों पर खड़ी...
कविता मेरी !!
...
अनकही कुछ भावनाओं की कड़ी...
कविता मेरी !
अनसुनी संवेदनाओं की लड़ी ...
कविता मेरी !!

